संवाद न्यूज एजेंसीकैथल। बुबकपुर गांव में जमीन के विवाद को लेकर हुई मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस को दी शिकायत में बुबकपुर निवासी बूटा सिंह ने बताया कि उनकी जमीन का मामला पहले अदालत में चल चुका है। दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो गया था और अदालत ने जमीन पर यथास्थिति (स्टेटस-को) बनाए रखने के आदेश दिए थे।
बूटा सिंह ने बताया कि 25 जून की सुबह वह पोती के स्कूल से लौट रहे थे। जब वह अपनी जमीन के पास पहुंचे तो वहां जोगा सिंह, मुख्त्यार सिंह, रिछपाल सिंह, परगट सिंह, हरजीत सिंह, जितेंद्र सिंह, जसबीर सिंह और 15-20 अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने लाठी, डंडों और गंडासी के उल्टे हिस्से से हमला कर दिया।
शोर सुनकर उसका भाई अमीर सिंह और भतीजा सतनाम सिंह उन्हें बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर घायल कर दिया। गुहला अस्पताल में उन्होंने इलाज करवाया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हमलावर दो मोबाइल फोन और 50 हजार रुपये भी ले गए तथा खेत में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाया। जांच अधिकारी जयपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने सात नामजद समेत 15-20 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।