जिले में डेंगू बीमारी का प्रकोप थम नहीं रहा है। हर दिन डेंगू से पीड़ित नए मरीज सामने आ रहे हैं। मंगलवार को डेंगू के तीन मरीज पाए गए। इनमें से एक 43 वर्षीय महिला गांव पिलनी में, 49 वर्षीय महिला सीवन गेट कैथल के पास व 17 साल का लडक़ा गांव देवबन में डेंगू से पीड़ित पाया गया। जिले में अब तक डेंगू के 49 मरीज पाए गए हैं, जिनमें से 34 ठीक हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस समय तीन मरीज अस्पताल में दाखिल हैं और 12 का इलाज व ओपीडी अस्पताल के बाहर से जारी है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें डेंगू के लारवे की जांच के साथ-साथ लक्षणों के आधार पर मरीजों की जांच का कार्य भी कर रही हैं। मंगलवार को भी 25 व्यक्तियों के जांच करने के लिए सैंपल लिए गए। अब तक 361 व्यक्तियों की सैंपलिंग का कार्य हो चुका है। सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा ने जिलावासियों से अपील की कि डेंगू से बचाव के कार्यों में विभाग का सहयोग करें। अपने आसपास सफाई का विशेष ध्यान रखें और पानी जमा न होने दें। कई दिनों से जमा पानी में डेंगू का लारवा ज्यादा पनपता है।