कैथल। कोरोना काल के बाद शिक्षा विभाग ने स्कूल खेल प्रतियोगिताओं का कैलेंडर शुक्रवार को जारी किया था। इसके बाद शनिवार को खंड स्तर पर प्री-नेहरू हॉकी प्रतियोगिता आयोजित की गई। पहले दिन लड़के व लड़कियों की अंडर-15 व 17 आयु वर्ग में छह टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें तीन टीमें विजेता बनीं। इनमें रेनबो स्कूल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हाबड़ी और राजकीय माध्यमिक विद्यालय हाबड़ी शामिल हैं। दो दिवसीय आयोजन के तहत रविवार को भी कई मैच खेले जाएंगे।
हाबड़ी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में प्रतियोगिता के संयोजक पीटीआई राजबीर ने बताया कि प्रतियोगिता में तीन मुकाबले हुए। इसमें अंडर अंडर-15 लड़कों में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हाबड़ी व रेनबो, अंडर-17 लड़कों में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हाबड़ी वग गुरुकुल पूंडरी और अंडर-17 लड़कियों में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हाबड़ी व राजकीय माध्यमिक विद्यालय हाबड़ी के बीच हुआ। प्रतियोगिता में सभी छह टीमों में 108 खिलाड़ी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के दौरान पीटीआई नरेश बनवाला, जगदीश कोबरा, रामदिया, सुरेंद्र कुमार व मनोज कुमार में भी सहयोग किया।
प्रतियोगिता के ये रहे परिणाम
अंडर-15 लड़कों में रेनबो स्कूल ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हाबड़ी को 5-3, अंडर-17 लड़कों में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हाबड़ी ने गुरुकुल पूंडरी को 6-3 व अंडर-17 लड़कियों में राजकीय माध्यमिक विद्यालय हाबड़ी ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हाबड़ी को 4-3 से मात दी। अब विजेता टीमें कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।