संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लगातार बढ़ रहे तापमान के बीच शुक्रवार को तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई है। मौसम वैज्ञानिकों ने दो जून से और राहत की उम्मीद जताई है। शुक्रवार को भीषण गर्मी और लू का कहर जारी रहा। इस बीच नौतपा में बढ़ते तापमान ने लोगों की सांसों पर संकट खड़ा कर दिया है।
सुबह आठ बजे से ही गर्म हवाएं चलने लग जाती है। दोपहर के समय में लू के थपेड़े लोगों को परेशान करते हैं। शनिवार से जून माह का की शुरुआत हो रही है। गर्मी भी बेतहाशा हो रही है। गर्मी ज्यादा होने का ही कारण है कि जिले में अधिकतम ही न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। दिन और रात में गर्मी जबरदस्त होने से लोग बेहाल हैं। उनकी परेशानी उस समय और बढ़ रही है, जब बार-बार बिजली के अघोषित कट लग रहे हैं। दिन ही नहीं रात में भी बिजली के अघोषित कट ने लोगों का चेन छीन रखा है।
मौसम विभाग के अनुसार, दो जून के बाद मौसम में बदलाव होने की संभावना है। इसके बाद ही गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। उधर, भीषण गर्मी के चलते महिलाओं ने मिट्टी के बर्तनों की खरीदारी की। महिला संतोष, लीलावती, कमलेश ने कहा कि रेफ्रिजरेटर का पानी पीने से बीमार न हो, इससे बचने के लिए उन्होंने मिट्टी के मटकों की खरीदारी की है। मिट्टी के मटके में दिनभर पानी ठंडा रहता है और इसे पीने से बच्चे बीमार भी नहीं होते। इसलिए मटके का पानी ही पीना चाहिए।
उधर, भीषण गर्मी से मरीज भी बढ़ रहे हैं। जिला नागरिक अस्पताल में सुबह से दोपहर तक हजारों की संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं। अधिकांश मरीज बुखार, खांसी, जुकाम के अधिक मरीज आ रहे हैं। इसके अलावा अधिक गर्मी के चलते लोग बीमार हो रहे हैं। नागरिक अस्पताल के फिजिशियन डॉ. राजीव मित्तल का कहना है कि गर्मी से बचाव के लिए अधिक से अधिक पानी पीएं। तली व फास्ट फूड खाने से परहेज करें।
दो जून के बाद मौसम में बदलाव होने की संभावना है। तापमान में भी कमी आ सकती है। पांच जून तक मौसम साफ बना रहेगा। -डॉ. रमेश वर्मा, कैथल कृषि विज्ञान केंद्र के मुख्य समन्वयक।