प्रदर्शन करते बिजली कर्मचारी। विज्ञप्ति
गुहला-चीका। हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर बिजली कर्मचारी 22 से 24 अक्तूबर तक तीन दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। गुहला यूनिट के कर्मचारी बुधवार रात 10 बजे से हड़ताल शुरू करेंगे। इससे पहले बुधवार को बिजली निगम के गुहला डिवीजन कार्यालय में कर्मचारियों ने दो घंटे की गेट मीटिंग कर सरकार के खिलाफ रोष जताया और हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) के समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस जारी करने के फैसले का विरोध किया। गेट मीटिंग की अध्यक्षता एएचपीसीडब्ल्यूयू सब यूनिट गुहला के प्रधान सुदर्शन कुमार और अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ सब यूनिट चीका के प्रधान अनिल गौड़ ने की। मंच संचालन शुकरदीन ने किया। बैठक में कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में हड़ताल का निर्णय लिया गया है। उनका कहना है कि 19 अक्तूबर को गुरुग्राम और नूंह में निजी कंपनी को समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस जारी करने से कर्मचारियों में रोष है। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने लाइसेंस की प्रतियां जलाकर विरोध जताया। बैठक में करण नैन, दिलबाग सैनी और सुनील राणा सहित कई कर्मचारी नेता मौजूद रहे।