कैथल। इंस्टाग्राम पर विदेश भेजने का झांसा देकर 1.01 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसमें आरोपी गांव चिरैला जिला मुजफ्फरनगर बिहार निवासी सुमित राज, गांव किशनपुर जिला मुजफ्फरनगर बिहार निवासी विवेक कुमार और गांव गौरिहार जिला मुजफ्फरनगर बिहार निवासी नीरज कुमार शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि सुमित ने अपना बैंक खाता ठगी की रकम मंगवाने के लिए उपलब्ध करवाया था जबकि विवेक और नीरज कमीशन पर बैंक खाते लेकर उन्हें आगे साइबर ठगों को देते थे।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि सीवन निवासी अश्वनी कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 25 अगस्त को उन्होंने इंस्टाग्राम पर विदेश भेजने से संबंधित एक विज्ञापन देखा, जिस पर ए टू जेड सर्विस और मोबाइल नंबर 447438804912 दिया हुआ था। उन्होंने विदेश जाने की इच्छा के कारण इस नंबर पर व्हाट्सएप कॉल की। सामने वाले व्यक्ति ने इंग्लैंड भेजने के लिए 1400 पाउंड (लगभग 1,82,000 रुपये) खर्च होने की बात कही और पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा। इसके बाद उसने अपने बेटे का मोबाइल नंबर व्यक्ति को भेज दिया। उसने उसके बेटे के मोबाइल पर एक स्कैनर भेजा। उन्होंने स्कैनर के माध्यम से अपने बैंक खाते से 71,000 रुपये गूगल-पे से ट्रांसफर किए।
इसके अलावा उनकी पत्नी के बैंक खाते से भी इसी स्कैनर पर 30,000 रुपये ट्रांसफर किए गए। इस प्रकार से कुल 1,01,000 रुपये की ठगी की गई। पैसे प्राप्त करने के बाद आरोपी ने उनका फोन उठाना बंद कर दिया और बाद में उनका मोबाइल नंबर भी बंद मिला। इस बारे में थाना साइबर क्राइम में प्राथमिकी दर्ज की थी। आरोपी सुमित राज को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि आरोपी विवेक कुमार व नीरज कुमार से मामले में व्यापक पूछताछ के लिए दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।