संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। उच्चतर शिक्षा विभाग ने इस बार कॉलेजों के अकादमिक कैलेंडर में बदलाव करते हुए स्नातक (यूजी) कक्षाओं की शुरुआत जुलाई के बजाय अगस्त में करने का निर्णय लिया है। पहले जहां एक जुलाई से कॉलेजों में कक्षाएं शुरू हो जाती थीं, वहीं इस बार दाखिला प्रक्रिया में देरी के चलते शैक्षणिक सत्र एक माह आगे खिसक गया है।
दाखिले के लिए आवेदन तिथि को विभाग ने एक बार फिर बढ़ाकर 30 जून कर दिया है। इससे पहले अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित थी। यह चौथी बार है जब आवेदन की तिथि में विस्तार किया गया है। ऐसे में 30 जून तक आवेदन प्रक्रिया जारी रहने के कारण जुलाई माह में दाखिला प्रक्रिया पूरी करना भी चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। इसके चलते कॉलेजों में कक्षाएं अगस्त से शुरू होने की संभावना है।
विभागीय जानकारी के अनुसार, प्रदेशभर के कॉलेजों में करीब 2.25 लाख सीटें उपलब्ध हैं, लेकिन इन सीटों के मुकाबले आवेदन अपेक्षाकृत कम संख्या में प्राप्त हो रहे हैं। इसी कारण बार-बार आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ानी पड़ रही है।
जिले में 15 कॉलेजों में 9907 सीटें
जिले में कुल 15 कॉलेजों में लगभग 9907 सीटों पर दाखिले होने हैं। इनमें सात सरकारी कॉलेज शामिल हैं, जबकि अन्य सहायक एवं सेल्फ फाइनेंस कॉलेज संचालित हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि सरकारी और सेल्फ फाइनेंस दोनों ही प्रकार के कॉलेजों में इस बार दाखिले के लिए अपेक्षित आवेदन नहीं आ रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों से सरकारी कॉलेजों में भी विद्यार्थियों की रुचि में कमी देखी जा रही है।
वर्जन
आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 जून कर दी गई है। तिथि बढ़ाने के कारणों को लेकर जिला स्तर पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि इस बार अकादमिक कैलेंडर में बदलाव किया गया है, जिसके तहत कॉलेजों में कक्षाएं अगस्त माह में शुरू होंगी। -डॉ. मनोज भांबू, जिला नोडल अधिकारी, उच्चतर शिक्षा विभाग, कैथल