कैथल। पाडला रोड पर मोटरसाइकिल रिक्शा पर जा रहे युवक को गोली मारने के मामले में पुलिस ने तीसरा आरोपी काबू कर लिया है। आरोपी की पहचान गांव पाडला निवासी हर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव ढिल्लोवाली निवासी रवि प्रकाश ने शिकायत दी थी कि वह गांव में करियाणा की दुकान चलाता है। वह दुकान का सामान लेने के लिए कैथल आया हुआ था। वह सामान लेकर मोटरसाइकिल रिक्शा पर पाडला रोड पर ड्रेन के पास पहुंचा तो सामने पुलिस नाका लगा हुआ था। उसने पुलिस से बचने के लिए बाइक रिक्शा वापस मोड़ी तभी एक बाइक पर पीछे से आ रहे तीन युवकों ने रिक्शा में टक्कर मार दी।
जो तीनों युवक उसके साथ गाली गलौच करते हुए मारपीट करने लगे। उनमें से एक युवक ने पिस्तौल निकाल कर सीधा फायर किया। जो गोली उसकी छाती के नीचे बाई तरफ लगी। गोली मारने के बाद तीनों युवक अपनी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। जिस बारे थाना शहर में केस दर्ज करके एसपी राजेश कालिया द्वारा जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने के आदेश दिए गए थे। इस मामले में पुलिस ने पहले ही दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करके वारदात में प्रयुक्त अवैध असला बरामद किया जा चुका है। आरोपी हर्ष का रविवार को अदालत से दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया।