संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के ऑटोमोबाइल बाजार में इन दिनों ई-स्कूटी की बिक्री में तेजी देखी जा रही है। पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच लोग अब पारंपरिक बाइक और पेट्रोल स्कूटी की बजाय इलेक्ट्रिक स्कूटी को प्राथमिकता दे रहे हैं।
डीलरों के अनुसार पिछले एक वर्ष में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की मांग लगातार बढ़ी है, जबकि सामान्य बाइक और स्कूटी की बिक्री में कमी आई है। दुकानदार अजीत ने बताया कि बढ़ती ईंधन लागत और पर्यावरण को लेकर जागरूकता ने उपभोक्ताओं की सोच बदली है। इलेक्ट्रिक स्कूटी न केवल कम खर्चीली साबित हो रही है बल्कि यह प्रदूषण भी नहीं फैलाती। पेट्रोल इंजन की तुलना में इसमें ध्वनि प्रदूषण भी कम होता है, जिससे शहरी क्षेत्रों में यह बेहतर विकल्प बन रही है।
होली के अवसर पर ई-स्कूटी की दुकानों में विशेष छूट भी दी जा रही है। कुछ दुकानों में 3000 से 4000 रुपये तक की छूट उपलब्ध है, जिससे बिक्री में तेजी आई है।
बिक्री में दोगुना इजाफा ः कैथल-करनाल रोड के ई-स्कूटी विक्रेता अमन ने बताया कि पहले जहां महीने में 8 से 10 इलेक्ट्रिक स्कूटी बिकती थीं, अब यह संख्या 20 तक पहुंच गई है। खासकर कॉलेज छात्र और नौकरीपेशा युवा इसे अधिक पसंद कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि एक बार चार्ज करने पर पांच बैटरी वाली इलेक्ट्रिक स्कूटी लगभग 50 किलोमीटर तथा छह बैटरी वाली स्कूटी करीब 70 किलोमीटर तक चलती है। इससे रोजमर्रा के उपयोग में काफी बचत होती है। पांच बैटरी वाले बेस मॉडल की कीमत 43,000 रुपये से शुरू होती है, जबकि बड़े मॉडल की कीमत 65,000 रुपये से शुरू है।
अंबाला रोड स्थित ई-स्कूटी विक्रेता नवीन ने बताया कि नई तकनीक की लिथियम-आयन बैटरियां पहले से अधिक टिकाऊ और सुरक्षित हैं। कई कंपनियां बैटरी पर 3 से 5 साल तक की वारंटी भी दे रही हैं।