कैथल। पूंडरी के फरल गांव में चोरों ने एक मकान से 16 तोले सोने के आभूषण व दो लाख रुपये नकदी चोरी कर ली है। इस मामले में पूंडरी थाना में शिकायत दर्ज कर ली गई है।
फरल निवासी मस्तान सिंह ने पूंडरी थाना में दी गई शिकायत में बताया कि 12 मार्च की सुबह उसकी मां गुरुद्वारे में माथा टेकने गई हुई थी। वह घर के बाहर गेट बंद करके बच्चों को दवाई दिलाने पूंडरी आया हुआ था। दोपहर करीब एक बजे जब वह बच्चों के साथ घर पहुंचा तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था। अलमारी खुली हुई थी तथा घर में सारा सामान बिखरा पड़ा था।
अज्ञात आरोपियों ने उनके घर में रखी अलमारी से सोने का हार, कान की बाली, लेडीज चूड़ियां, चेन, अंगूठी, झुमके समेत 16 तोले सोना और दो लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। उन्होंने अपने स्तर पर पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पाई। नकदी समेत चोरी हुए सामान की कीमत 10 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। शिकायतकर्ता ने चोरों को जल्द से जल्द पकड़कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत पर पूंडरी थाना में पुलिस ने केस दर्ज जांच शुरू कर दी है। संवाद