संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। तीन मामलों में चोर मकान व दुकानों से नकदी, सामान, गहने चोरी कर ले गए। पुलिस ने सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
पहले मामले में अमरगढ़ गामड़ी निवासी सुनील कुमार ने शहर थाना में शिकायत दी कि नई सब्जी मंडी में उसकी करियाना की दुकान है। दीपावली पर्व में व्यस्त होने के कारण उसने दुकान की तीन दिन की बिक्री के पैसे वहां काउंटर के दराज में ही रखे हुए थे। उसने 10 नवंबर को दराज की चाबी देखी तो नहीं मिली। इस पर उसने चाबी वाले को बुलाकर दराज को खुलवाया। दराज में रखे रुपये नहीं मिले।
इसके बाद उसने सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो पता चला कि महंदीपुरवासा क्रुबन जिला खगड़िया बिहार निवासी बिट्टू कुमार उसकी दुकान में घुसा था और वही रुपये पांच लाख चार हजार रुपये चोरी करके फरार हो गया है। जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
दूसरे मामले में चीका निवासी सुमित अरोड़ा ने पुलिस को शिकायत दी कि 12 नवंबर को रात के समय अज्ञात आरोपी उसके पटियाला रोड स्थित सेलर से 50 कट्टे धान चोरी करके ले गए। चोरी हुए अनाज की कीमत 30 हजार रुपये है। जांच अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीसरे मामले में प्रताप गेट कैथल निवासी सीमा ने शहर थाना में शिकायत दी कि वे घर में दीपावली को लेकर सफाई का कार्य कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अलमारी में रखे सोने के गहनों को देखा तो गायब मिले। अज्ञात आरोपी घर से करीब ढाई लाख रुपये कीमत के गहने चोरी कर ले गया। जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
घर से बाहर खड़ी कार ले गए चोर
कैथल। चोर घर के बाहर खड़ी कार चोरी कर ले गए। थाना सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में अमरगढ़ गामड़ी कैथल निवासी प्रवीन ने बताया कि 10 नवंबर को चोर घर के सामने खड़ी उसकी कार चोरी कर ले गए।। जांच अधिकारी संदीप ने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर चोरों का सुराग लगा रही है। संवाद