संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा सरकार की ओर से आगामी एक दिसंबर को कैथल के चंदाना गेट स्थित गैबी साहब मैदान चंदाना गेट में महाराजा शूर सैनी जयंती राज्य स्तर पर धूमधाम से मनाई जाएगी। आयोजन स्थल पर वीआईपी और आमजन के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार होंगे। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि रूप में शिरकत करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारी जोरों से चल रही हैं। विभिन्न विभागों के अधिकारी अपने अपने स्तर के कार्यों को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं। शुक्रवार को डीसी प्रीति व एसपी राजेश कालिया ने कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि पंडाल को सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा। वीआईपी और आमजन के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार के साथ ही वाईआईपी व आमजन के लिए अलग अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मंच पर कुर्सियों की संख्या, मंच पर बैक ड्रॉप, मंच के सामने बनाए जाने वाले वीआईपी गैलरी, मीडिया गैलरी, सीएम के प्रवेश रास्ते, ग्रीन एरिया, वीआईपी के लिए दोपहर के भोजन के लिए बनाए गए स्थान सहित मुख्य स्थानों पर स्वयं जाकर बारीकी से जानकारी जुटाई। उन्होंने समारोह में शामिल होने वाले लोगों की सुविधा के लिए पेजयल, शौचालय सहित भोजन की तैयारियों के बारे में अधिकारियों के साथ चर्चा की।
डीसी ने आयोजन स्थल के निकट, चंदाना गेट फाटक के निकट व आयोजन स्थल पर बाबा गैबी साहब मंदिर की ओर बनाए जा रहे पार्किंग स्थलों स्वयं निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए। डीसी ने एसपी राजेश कालिया के साथ सुरक्षा संबंधी बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पंडाल के लिए बनाए गए प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा संबंधी नियमों की पालना सुनिश्चित की जाए। साथ ही यातायात के संबंध में समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएं।
डीसी ने आयोजन समिति का नेतृत्व कर रहे भाजपा नेता जवाहर सैनी व सभा सदस्यों के साथ भी चर्चा की, ताकि पंडाल में वीआईपी व अन्य लोगों के प्रवेश करने में किसी तरह की परेशानी न आए।
उन्होंने सभा के वॉलेंटियर्स के संबंध में भी आवश्यक चर्चा की, जो बाहर से आने वाले लोगों को पार्किंग स्थल व आयोजन स्थल तक पहुंचाने में सहायता करेंगे। डीसी ने मानस रोड के निकट बनाए जा रहे हैलीपेड स्थल का भी दौरा किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि हैलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक रूट तैयार किया जाए। इस रूट में साफ-सफाई, सड़कों का दुरुस्तीकरण किया जाए।
इस मौके पर एसडीएम अजय सिंह, डीएसपी बीरभान, कार्यकारी अभियंता राकेश, धर्मबीर, संदीप सजूमा, रामजी सैनी, जग्गा सैनी, रिंकू सैनी, लीलू सैनी पार्षद, रामफल सैनी पार्षद, रिंकू सैनी पार्षद, बलबीर सजूमा, अशोक सैनी, शशि सैनी, पूर्व पार्षद कुलदीप सैनी अलावा अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।