जितेंद्र पांचाल
कैथल। नए साल में गर्मियों के मौसम में शहर में पेयजल की किल्लत नहीं होगी। इसके लिए जनस्वास्थ्य विभाग ने शहर में सप्लाई किए जाने वाले प्यौदा रोड स्थित नहरी पानी के टैंकों की क्षमता बढ़ाई है। इसके बाद विभाग ने सोमवार को सिरसा ब्रांच नहर से इनमें पानी भेजकर ट्रायल लिया है।
करीब एक साल पहले शुरू किया गया यह कार्य पूरा हो चुका है। अब इन टैंकों से शहर में सप्लाई करने के लिए एक माह से भी अधिक समय तक का पानी स्टोर किया जा सकेगा।
गौरतलब है कि जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से शहर में रोजाना करीब 35 एमएलडी नहरी पेयजल की सप्लाई की जाती है। इसके अनुसार पहले बनाए गए टैंकों
में 24 दिन तक का पानी स्टोर किया जा सकता था, जिसे बाद में शोधित कर शहर में सप्लाई किया जाता था। उस समय नहर भी 24 दिन में आती थी और समय पर टैंकों में पानी आ जाता था।
अब सिरसा ब्रांच नहर में पानी आने का समय 28 दिन से अधिक हो गया है। ऐसे में विभाग ने टैंकों की स्टोरेज क्षमता को बढ़ाकर ऐसा बनाया है, जिनमें 32 दिन के लिए पानी स्टोर किया जा सकेगा। हालांकि अभी सर्दियों के चलते पानी की लागत भी अपेक्षाकृत कम है, लेकिन अब गर्मियों में भी शहरवासियों को पेयजल संकट से नहीं जूझना पड़ेगा।
करीब सात करोड़ रुपये आई है लागत
जनस्वास्थ्य विभाग ने इस कार्य पर करीब सात करोड़ रुपये खर्च किए हैं। जस समय टैंकों की क्षमता बढ़ाने का कार्य शुरू हुआ, उस समय लागत कम होने का अनुमान था, लेकिन बाद में राशि को बढ़ाकर इस कार्य को पूरा किया गया है। टैंकों की क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ पाइपलाइन और अन्य आवश्यकताओं को भी पूरा किया गया है। जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ गोपाल वैद ने बताया कि टैंकों की क्षमता बढ़ाने का कार्य पूरा हो चुका है। सोमवार को टैंकों में पानी भरकर ट्रायल लिया गया। नए साल तक इस कार्य को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था और यह कार्य हो चुका है। गर्मियों में शहरवासियों को नहरी पेयजल को लेकर अब किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।