संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। कलायत के गांव चौशाला में च्यवन ऋषि वार्षिक मेला उत्सव की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस बार 17 व 24 मार्च को यह उत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान आठ दिनों तक चौशाला में शराब पीने-बेचने पर सामाजिक प्रतिबंध रहेगा।
आयोजन को लेकर ग्राम पंचायत, श्री च्यवन ऋषि युवा सेवा संगठन चौशाला से लोगों की बैठकोंं का सिलसिला जारी है। शनिवार को इस क्रम में सर्व सम्मति से वार्षिक मेला महोत्सव के दौरान बेहतर व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसके तहत 16, 17, 23 व 24 को गांव मेंं शराब पीने-बेचने पर सामाजिक प्रतिबंध रहेगा। नियमोंं का पालन न करने पर 11 हजार रुपये जुर्माना भुगतान होगा।
इसके साथ ही कार सेवकों का ड्रेस कोड लागू किया गया है। मेले मेंं आने वाले श्रद्धालुओं से किसी प्रकार के आभूषण न पहनने, अव्यवस्था की सोच से समूह बनाकर न घूमने, रास्ता न रोकने, मेले मेंं निर्धारित रास्तोंं मेंं दुकान न लगाने और उत्सव के दौरान बीच रास्ते वाहन खड़े न करने की अपील की गई है।
इसके साथ ही जन सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर से भी जरूरतमंदों की मदद की जाएगी। महिला सरपंच उषा देवी, युवा संगठन प्रधान अनिल शर्मा, उप प्रधान जगबीर सिंह, दर्शन भीम, अजय कुमार, मोनू, राजीव पांचाल, सोनू व कार्यकारिणी सदस्यों ने कहा कि शराब बेचने, खरीदने व सेवन न करने जैसे कई महत्वपूर्ण सामाजिक नियम बनाए गए हैं। ऐतिहासिक च्यवन ऋषि मंदिर के पुजारी बृजेश शर्मा और ग्रामीण बुजुर्गों के अनुसार आयुर्वेदाचार्य च्यवन ऋषि ने चौशाला गांव की धरती पर तप करते हुए मानव जीवन को निरोग जीवन का फार्मूला दिया।
उन्होंने बताया कि मेले में गांव चौशाला व आसपास के सभी गांवों से भारी संख्या में लोग पहुंचते हैं। गांव का व्यक्ति पूरे देश या विदेश में बसा है इस मेले में अवश्य पहुंच कर अपनी हाजिरी बाबा च्यवन के सामने जरूर लगवाता है।