ढांड। सीजन के चलते पंचमुखी चौक ढांड पर दिन भर जाम की स्थिति बनी रही। इस कारण चौक की पांचों दिशाओं में वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। इससे वाहन चालक एवं यात्री परेशान रहे। सूचना मिलते ही ढांड पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात नियंत्रण करने में लग गई। दिनभर यही हालात रहे। धान से भरी ट्रैक्टर ट्रालियां जाम में फंसी रही।
किसान बलजीत सिंह, तरसेम सिंह, मदनपाल, जगसीर चंद, सतपाल, प्रवीण कुमार व सुरेश ने बताया कि पंचमुखी चौक पर जाम पुलिस की गैर मौजूदगी में लगता है। अगर चौक पर पुलिस तैनात हो तो जाम की स्थिति नहीं बनती।
उनका कहना है कि इस समय धान का सीजन जाेरों पर है। जाम में ट्रैक्टर ट्राली फंस जाने से खेतों में धान की कटाई का काम रुक जाता है। इससे उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ती है। किसानों का कहना है कि पंचमुखी चौक पर ट्रैफिक जाम की स्थिति अक्सर बनी रहती है। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन इस और कोई ध्यान नहीं दे रहा है। किसानों का कहना है कि धान के सीजन के दौरान पंचमुखी चौक पर ट्रैफिक नियंत्रित करने के लिए दिन-रात पुलिस की ड्यूटी लगाई जानी चाहिए। ढांड थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेंद्र ने बताया कि कुछ वाहन चालक पंचमुखी चौक पर गलत दिशा से वाहनों को मोड़ लेते हैं। इससे जाम की स्थिति बन जाती है। इस समय धान का सीजन चला हुआ है और वाहन ज्यादा है। मौके पर पुलिस को भेज कर जाम खुलवा दिया गया है। आमजन से अपील की जाती है कि यातायात के नियमों का पालन करें। गलत दिशा से वाहन को न चलाएं। संवाद