संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लघु सचिवालय के सभागार में शुक्रवार को डीसी प्रशांत पंवार ने जिला मलेरिया कार्यकारिणी समिति की बैठक ली। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मानसून शुरू हो चुका है, ऐसे में मलेरिया, डेंगू आदि होने का खतरा है। इनका कोई केस न आए, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी अभी से अलर्ट मोड पर कार्य करें।
स्कूली प्रार्थनाओं व आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक करें। स्वास्थ्य विभाग ने निजी लैब से डेंगू की जांच के लिए एलाइजा टेस्ट का 600 रुपये का रेट निर्धारित किया है और नागरिक अस्पताल में यह जांच फ्री में की जाती है। यदि कोई निजी लैब संचालक डेंगू जांच के लिए अधिक पैसे वसूलता पाया जाता है उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि जिले में वर्ष 2019 से लेकर अब तक मलेरिया का कोई केस नहीं आया है। भविष्य में भी कोई केस ना आए इसके लिए हमें सतर्क रहते हुए उचित कदम उठाने होंगे। मच्छरजनित हॉट स्पॉट की पहचान की जाए, घर, ऑफिस या निर्माण स्थल पर जलभराव न होने दें। रोडवेज परिसर में रखे पुराने टायरों में पानी भरा हो तो उसकी सफाई करवा दें। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों के गड्ढों को भरवा दें ताकि बारिश ज्यादा होने पर पानी न भरे।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष डेंगू का एक भी केस सामने नहीं आया है, हालांकि पिछले वर्ष डेंगू के 118 केस आए थे।सभी प्राइवेट अस्पतालों एवं लैब द्वारा किसी भी प्रकार के संदिग्ध या पॉजिटिव केस मलेरिया, डेंगू, जापानी बुखार, चिकनगुनिया की सूचना सिविल सर्जन कार्यालय को दी जानी आवश्यक है। इसके अलावा कोई भी प्राइवेट अस्पताल अगर वह स्वास्थ्य विभाग द्वारा सर्टिफाइड नहीं है तो वह डेंगू मरीजों को दाखिल नहीं कर सकता। अगर कोई ऐसा करता है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।
सभी विभागाध्यक्ष अपने कार्यालयों के आसपास सफाई का विशेष ध्यान रखें और कहीं पर भी पानी को इकट्ठा नहीं होने दें। सभी नगर पालिकाएं तथा पंचायत विभाग अपने क्षेत्र में फोगिंग करवाने का शेड्यूल तैयार करके कार्य को अमलीजामा पहनाएं।
सीएमओ डॉ. रेनू चावला ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा डेंगू का लारवा मिलने पर 1243 व्यक्तियों को नोटिस जारी किए गए हैं। इस मौके पर एसडीएम ब्रह्म प्रकाश, सीएमओ डॉ रेनू चावला, डॉ. नीरज मंगला, कार्यकारी अभियंता प्रशांत ग्रोवर, गौरव कंसल, ईओ कुलदीप मलिक के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।