संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अप्रैल शुरू होने के बाद गर्मी ने भी अपने रंग दिखाना शुरू कर दिए हैं। अब लगातार बढ़ रही गर्मी लोगों का हाल बेहाल कर रही है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो रविवार को बारिश हो सकती है। तब गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि इस माह गर्मी खूब सताएगी। इसके बाद मई और जून में गर्मी के और तीखे तेवर झेलना पड़ेगा। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय कुछ समय के लिए आसमान में हल्के बादल तो छाए, लेकिन बाद में फिर से तेज धूप होने से गर्मी महसूस हुई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार इस बार अप्रैल के अंत तक लू चलने के आसार बन रहे हैं। गर्मी से बचने के लिए लोग अब कूलर, पंखे व एसी खरीद रहें है। दोपहर के समय भी बाजारों में चहल पहल कम होने लगी है। ऐसे में लोग ज्यादातर घरों में रहना पसंद कर रहे है। गर्मी से बचाने के लिए लोग ठंडी चीजों का सहारा ले रहे हैं। शहर व गावों में पेय पदार्थ कि मांग अधिक होने लगी हैं।
कृषि विज्ञान केंद्र के मुख्य समन्वयक डॉ. रमेश वर्मा ने बताया कि आगामी दिनों में मौसम में बदलाव हो सकता है। ऐसे में इस रविवार को तेज बारिश भी हो सकती है, लेकिन ऐसी संभावनाएं बेहद कम हैं। वहीं, मौसम पूर्वानुमान के तहत अप्रैल माह में भी यह गर्मी काफी अधिक सताएगी।