There is no parking facility in the city markets
- फोटो : Kaithal
शहर के बाजारों, मुख्य मार्गों पर पार्किंग की सुविधा न होने के कारण लोगों को जाम के चलते परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोग अपने वाहनों को सड़कों पर ही खड़ा करते हैं। जिस कारण कई बार सड़क पर जाम लगा जाता है। तमाम प्रयासों के बावजूद जिला प्रशासन बाजारों में पार्किंग की व्यवस्था पर कार्ययोजना को सिरे नहीं चढ़ा पाया है।
शहर में मुख्य मार्ग करनाल रोड, अंबाला रोड, ढांड रोड, छात्रावास रोड, मेन बाजार, नरवानियां बिल्डिंग सहित अन्य जगहों पर पार्किंग न होने से जाम जैसे हालात बने हुए हैं। बैंकों व निजी संस्थाओं के बाहर लगने वाली वाहनों की भीड़ जाम का कारण बनती जा रही है। दुकानों के बाहर तो वाहन कई बार आधी सडक़ तक आ जाते हैं। इस कारण से गुजरने के लिए बिल्कुल कम जगह ही बचती है। वहीं दिनभर कोचिंग सेंटरों के बाहर वाहन खड़े रहते हैं, जिससे चार पहिया वाहन के निकलने का रास्ता नहीं बचता। कई बार तो निकलते समय रास्ता कम होने से राहगीरों को चोटिल भी होना पड़ रहा है।
शहरवासी विनोद ने बताया कि शहर में मुख्य मार्ग अंबाला रोड, करनाल रोड व ढांड रोड कहीं पर भी वाहनों के पार्क करने की जगह नहीं है। लोग अपनी मर्जी से जहां भी जगह मिलेे, वहीं पर वाहन खड़ा कर देते हैं। सड़क पर वाहनों के खड़े होने के कारण जाम लगता है। इससे लोगों को जाम में फसने से बेवजह समय खराब होता है। प्रशासन द्वारा पार्किंग की व्यवस्था की जाए।
शहरवासी चांदी राम ने कहा कि शहर में बढ़ती वाहनों की भीड़ को देखते हुए पार्किंग की व्यवस्था की जाए। प्रतिदिन वाहनों की संख्या में इजाफा हो रहा है। प्रशासन को चाहिए की बाजारों में जाने वाले व निजी संस्थानों के बाहर खड़े होने वाले वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जाए।
ट्रैफिक एसएचओ रमेश चंद्र ने कहा कि सडक़ों या साइकिल ट्रैक पर खड़े वाहन चालकों को हटाने लिए एक जागरूकता अभियान चलाएंगे। यदि फिर भी नहीं मानेंगे तो चालान किए जाएंगे।