संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हफ्ते भर से बारिश जारी है। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को दिनभर बारिश हुई। शाम को 5 बजे करीब दो घंटे तक बारिश थमी लेकिन 7 बजे फिर से शुरू हो गई।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से जिले में मंगलवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक प्रदेश में बारिश का यह सिलसिला छह सितंबर तक जारी रहेगा। वहीं, बारिश के कारण विभिन्न स्थानों पर जलभराव होने से लोगों को आवागमन के दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ा। बारिश का पानी मुख्य बाजारों और कॉलोनियों की गलियों में भर गया, जिससे लोगों को के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर निम्न इलाकों और नालों के पास रहने वाले लोग पानी भरने से परेशान रहे।
मौसम विभाग के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई, जिससे मौसम सुहाना हो गया। मंगलवार को हवा चलने से खुशनुमा बना रहा दोपहर तीन बजे से देर शाम तक चली रिमझिम बारिश ने मौसम और भी सुहावना बना दिया। पूरा दिन आसमान पर घने काले बादल छाए रहे। वहीं, मौसम विभाग ने तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
काले बादलों के कारण सुबह का समय भी शाम सा प्रतीत हुआ। दिनभर मौसम सुहावना बना रहा।
राजौंद में सबसे ज्यादा बारिश
सबसे अधिक बारिश राजौंद में 82 तो सबसे कम 20 एमएम बारिश ढांड व कलायत क्षेत्र में दर्ज की गई। कैथल में 44, गुहला में 42, कलायत और ढांड में 20, पूंडरी में 51 और सीवन में 50 एमएम
बारिश अभी कुछ और दिन जारी रहेगी। ऐसे में किसानों की बची हुई फसल को खतरा है। खराब मौसम से किसानों की चिंता बढ़ गई है। - डॉ. रमेश वर्मा, मुख्य समन्वयक-कृषि विज्ञान केंद्र