संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका/कैथल। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व प्रधान व सिख धर्म प्रचार कमेटी के चेयरमैन बलजीत सिंह दादूवाल ने संरक्षक का पद समाप्त करने की मांग की है।
दादूवाल ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि हरियाणा में होने वाले सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव में सरकार द्वारा संरक्षक का पद बनाने का कोई औचित्य नहीं है, क्योंकि सिख धर्म में पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब से बड़ा कोई दूसरा संरक्षक नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि प्रबंधक कमेटी के चयनित सदस्यों में से किसी एक सदस्य को स्वयं सदस्य ही संरक्षक चुन लें परंतु कोई भी सिख संरक्षक के पद को स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने बताया कि पिछले चुनाव में जब एक अन्य सदस्य को प्रधान चुना तो उस समय तत्कालीन सरकार ने उन्हें संरक्षक के पद का आफर दिया था, परंतु उन्होंने इसी बात को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सरकार के आफर को नम्रता के साथ ठुकरा दिया था ।
दादूवाल ने कहा कि किसी अन्य सदस्य ने भी इस पद के लिए हामी नहीं भरी थी। उन्होंने कहा कि उपरोक्त अध्यादेश प्रदेश सरकार की 24 अक्तूबर 2022 की सरकारी अधिसूचना में शामिल किया गया था। जबकि उपरोक्त वित्त संबंधी अध्यादेश मूल हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन अधिनियम 2014 का हिस्सा नहीं था।
दादूवाल ने कहा कि संरक्षक से संबंधित उपरोक्त प्रावधान सिख धर्म की भावना व लोकाचार एवं हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के उद्देश्यों के भी विरुद्ध हैं।
गौरतलब है कि हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की प्रबंधक कार्यकारिणी ने इसके विरोध में सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर सरकार से इन प्रावधानों में संशोधन करने के साथ साथ मुख्यमंत्री नायब सैनी को एक पत्र लिखकर इस पद को समाप्त करने का आग्रह किया है।
एचएसजीएमसी के चुनाव 19 जनवरी को ः मान
कैथल। रिटर्निंग अधिकारी सत्यवान सिंह मान ने एसडीएम कार्यालय में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के होने वाले चुनाव के संदर्भ में अधिकारियों, कर्मचारियों व बीएलओ की बैठक की। इस मौके पर उन्होंने बताया कि एचएसजीएमसी के चुनाव 19 जनवरी 2025 को होना तय हुआ है।
कलायत एसडीएम एवं हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एचएसजीएमसी) कांगथली-21 के रिटर्निंग अधिकारी सत्यवान सिंह मान ने कहा कि चुनाव के संबंध में 18 दिसंबर को अधिसूचना प्रकाशित होगी। सभी संबंधित अधिकारी व बीएलओ चुनाव को लेकर पूरी तैयारी रखें। इस मौके पर सभी बीएलओ को वार्ड वाइज वोटर लिस्ट उपलब्ध करवाई गई। इसके अलावा बीएलओ को नए वोट बनवाने संबंधित फार्म उपलब्ध करवाए गए। उन्हें बताया कि नोटिफिकेशन के अनुसार नए वोट बनाने का अधिकार जिला निर्वाचन अधिकारी कैथल को प्राप्त है।
उन्होंने बताया कि नोटिफिकेशन के अनुसार आगामी 20 दिसंबर से 28 दिसंबर तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 30 दिसंबर को नामांकनों की स्कूटनी की जाएगी। एक जनवरी 2025 को दोबारा जांच के लिए भेजी जाने वाले नामांकन पत्रों की जांच होगी। दो जनवरी दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्र वापस ले सकते हैं और अपराह्न तीन बजे के बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसके अलावा पोलिंग स्टेशनों की भी सूची जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि 19 जनवरी को सुबह आठ से शाम पांच बजे तक मतदान होगा और मतदान के तुरंत बाद मतगणना होगी, जिसके बाद उसी दिन परिणाम भी जारी कर दिया जाएगा। इस बैठक में एआरओ-कम-नायब तहसीलदार सीवन भी मौजूद रहे। संवाद