कैथल। विदेश गए गांव कैलरम निवासी युवक का कोई सुराग नहीं मिलने पर उसकी तलाश व एजेंटों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीण एसपी से मिले। उनके साथ महम के विधायक बलराज कुंडू, भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम चढूनी, युवा अध्यक्ष विक्रम कसाना व महावीर चहल मौजूद रहे।
विधायक बलराज कुंडू ने कहा कि 26 मई को एजेंट अमरपाल राणा, प्रेम व पवन सैनी ने गांव के युवक साहिल विदेश भेजा था। आरोपियों ने 12 लाख रुपये भी ले लिए। पहले युवक से लगातार परिजनों की बात होती रही, लेकिन आठ जून के बाद युवक का कोई पता नहीं लग पाया है। एजेंटों ने परिजनों का फोन भी उठाना भी बंद कर दिया है।
आरोपियों ने विभिन्न स्थानों से एक साथ करीब 50 युवाओं को विदेश भेजा था, लेकिन उनमें से किसी की परिजनों से बात नहीं हुई है। युवकों को पुर्तगाल के लिए रवाना किया था। युवक के पिता ने आशंका जताई है कि आरोपी एजेंटों ने उसके बेटे को मरवा दिया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उसने कलायत थाना में 27 जून को शिकायत भी दर्ज करवाई है, लेकिन मामले में ढिलाई चल रही है। इस मामले की जांच पुलिस की स्पेशल टीमों से करवाई जाए। उन्होंने बताया कि एसपी ने मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।