संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। नारनौल से गंगहेड़ी होते हुए अंबाला-चंडीगढ़ को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 152 डी में गांव बरसाना के पास एक बड़ी दरार आ चुकी है। हाईवे के इस हिस्से में नीचे की मिट्टी खिसककर बह चुकी है और वहां एक गड्ढा बन गया है। यदि इसे समय रहते नहीं भरा गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
यह हाईवे निर्माण के समय से ही गुणवत्ता के लिए सवालों के घेरे में रहा है। 27 फरवरी 2021 को गांव डुलयाणी के पास इसका एक बड़ा हिस्सा धंस गया था और मामला मीडिया की सुर्खियों में आया था। हालांकि बाद की जांच में सब कुछ सामान्य बताया गया था।
शनिवार को गांव बरसाना के कुछ जागरूक युवाओं ने इस दरार का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला और प्रशासन से गुहार लगाई कि समय रहते मरम्मत की जाए। उनका कहना है कि बारिश के दिनों में रिसाव और मिट्टी बहने से यह गड्ढा और भी खतरनाक हो सकता है। क्षतिग्रस्त हिस्से में मिट्टी बह जाने से सड़क खोखली हो चुकी है।
यदि एनएचआई के अधिकारी और ठेकेदार समय रहते ध्यान नहीं देते तो यह जगह किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। स्थानीय लोग भी इस मार्ग पर आने-जाने वाले वाहनों के लिए खतरा जताते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।