कैथल। डीसी प्रीति ने मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला स्वच्छ भारत मिशन प्रबंधन कमेटी की बैठक ली। इस बैठक में डीसी ने अधिकारियों को स्वच्छता विषय को गंभीरता से लेने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में डीसी ने ग्रे वाटर मैनेजमेंट के तहत जिला में 134 प्रोजेक्ट बनाने की जानकारी भी दी। निर्देश दिया कि इस पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी पंचायतों के साथ तालमेल करके इन्हें समयबद्ध पूरा करवाएं। डीसी ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी स्वच्छता विषय को गंभीरता से लें। इससे संबंधित लंबित कार्यों को समयबद्ध पूरा करवाएं।
जो भी कार्य किए जाएं वे सभी गुणवत्तापरक हों। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को लेकर अभियान चलाएं। ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस अभियान में जोड़कर अपने संबंधित क्षेत्रों को साफ-सुथरा और सुंदर बनाएं।
वहीं, जिला की सभी ग्राम पंचायतों में सोखता गड्ढे, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण व मनरेगा स्कीम के तहत कन्वर्जेंस से बनाए जाने हैं, संबंधित बीडीपीओ इस कार्य को भी जल्द पूरा करवाना सुनिश्चित करें। स्वच्छता से संबंधित जो भी शिकायतें हैं, उनका जल्द समाधान करवाएं।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत संचालित योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करवाएं। इस अवसर पर एडीसी दीपक बाबूलाल करवा, डीडीपीओ कंवर दमन, जिला परिषद डिप्टी सीईओ रितु लाठर, सिविल सर्जन डा. रेणु चावला, बीडीपीओ जगजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।