कैथल। जिले में छह अलग-अलग स्थानों पर चोरी के मामले सामने आए हैं। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर लिया है। पहली शिकायत में देवबन निवासी राजपाल ने बताया कि 28 जनवरी को चोर उसकी मोबाइल फोन की दुकान से 90 हजार रुपये, एक लैपटॉप और मोबाइल चोरी कर ले गए। दूसरे मामले में पुलिस को दी गई शिकायत में कैथल के एसडीओ नरेंद्र ने बताया कि कैथल शहर के रहने वाले किसान नरेश और सूरजभान के खेत से चोर ट्रांसफार्मर का सामान चुरा ले गए। तीसरे मामले में पुलिस को दी गई शिकायत में पूंडरी की एसडीओ सपना रानी ने बताया कि 33 केवी बिजली घर डीग से चोर बिजली के तार चोरी कर ले गए हैं। सामान की कीमत 51 हजार 80 रुपये है। चौथे मामले में पंजाब के गांव बराहमन्ना निवासी तरनजीत सिंह ने बताया कि सांव पोलड़ से उनकी बाइक चोरी हो गई है। पांचवें मामले में पुलिस को दी शिकायत में डंडौता निवासी किसान रामपाल ने बताया कि 28 जनवरी को चोर उसके खेत से 10 मीटर केबल और मोनो ब्लॉक मोटर उठा ले गए। छठे मामले में पुलिस को दी शिकायत में सीसीएसएचएयू कॉलेज के सदस्य ने बताया कि कॉलेज से 28 जनवरी की रात को दो सोलर बैटरियां चोरी हो गईं। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।