संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कौल गांव में चार आरोपियों ने एक युवक को डंडे व लाठियों से पीटकर घायल कर दिया। आरोपियों ने उसे धमकाते हुए हवाई फायर भी किए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव कौल निवासी पवन कुमार ने ढांड थाना में शिकायत दी कि 31 दिसंबर को रात करीब नौ बजे वह अपने खेत से काम करके मोटरसाइकिल पर घर जा रहा था। जब वह शराब ठेके के पास पहुंचा तो उसे वहां पर गांव का राहुल खड़ा मिला। राहुल ने उसे रोक लिया और कहा कि उसने कुछ समय पहले उसके साथ कहासुनी की थी। राहुल ने उसके मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली और ठेके के अंदर चला गया। बाद में वह मोटरसाइकिल छोड़कर जाने लगा तो राहुल ने उसके पीछे कार लगा दी।
उसने उसे जबरदस्ती कार में बैठा लिया, लेकिन मौका देखकर वह कार से कूद गया। वहां पर विजेंद्र, अंकित व अशोक भी आ गए। सभी आरोपियों के हाथों में लाठी व डंडे थे। आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। इस दौरान विजेंद्र ने हवाई फायर भी किए। शोर सुनकर लोगों को आता देख आरोपी कार सहित मौके से भाग गए। इस दौरान उसे काफी चोटें आई। जांच अधिकारी सुभाषचंद्र ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।