संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पूंडरी में रेडिमेड कपड़ों की एक दुकान पर पैजामा खरीदने आए युवक ने कैश गल्ले से एक लाख रुपये चोरी कर लिए। इस मामले में आरोपी ने दुकानदार को बातों में उलझा लिया और कपड़े खरीदने लगा। जैसे ही दुकानदार सामान देने के लिए कुर्सी से उठा तो आरोपी ने कैश गल्ला रुपये उड़ा लिए। पुलिस ने आरोपी पर मामला दर्ज कर लिया है।
पूंडरी थाने में दी गई शिकायत में पिलानी निवासी कृष्ण ने बताया कि उसकी बालाजी मार्केट पूंडरी में कौशिक गारमेंट के नाम से बच्चों के ड्रेस की दुकान है। 14 मई को दोपहर करीब एक बजे उसकी दुकान पर एक ग्राहक आया और उसने पैजामा मांगा। उसने युवक को लोअर देकर 500 रुपये ले लिए। उसने बाकी रुपये लौटाने के लिए कैश का गल्ला खोला।
गल्ले में पहले ही किसी काम के लिए एक लाख रुपये रखे थे। जैसे ही गल्ला खोला तो ग्राहक ने पैसे जांच लिए और चोरी करने की नीयत से एक और लोअर लेने लगा। जैसे ही लोअर देने के लिए वह कुर्सी से उठा तो आरोपी ने रुपये चोरी कर लिए व पैजामा लेते ही भाग गया। शिकायतकर्ता ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।