संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जींद रोड स्थित मॉडल टाउन में खाटू श्याम में बने तोरण द्वार की तर्ज पर बने रहे तोरण द्वार का निर्माण कार्य जल्द ही पूरा होगा।
गौरतलब है कि यहां पर करीब आठ महीने पहले ही तोरण द्वार का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। इसके बाद पहले लोकसभा और फिर विधानसभा चुनाव के चलते इसका उद्घाटन नहीं हो पाया था। ऐसे में अब बचे हुए काम के पूरा होते ही कभी भी इस तोरण द्वार का उद्घाटन किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान में श्री खाटू श्याम धाम के बाद कैथल में दूसरा तोरण द्वार बन रहा है। इसके निर्माण की घोषणा वर्ष 2023 में नगर परिषद अध्यक्ष सुरभि गर्ग ने जागरण में पहुंचे कन्हैया मित्तल और अन्य श्रद्धालुओं की ओर से मांग करने के बाद की थी। बाद में काम शुरू कराया गया।
सिसला में है बाबा खाटू श्याम का प्रसिद्ध मंदिर
कैथल के गांव सिसला में बाबा खाटू श्याम का प्रसिद्ध मंदिर है। कैथल शहर में तोरण द्वार बनने से श्रद्धालु यहां से गुजर कर खाटू श्याम मंदिर में पहुंच सकेंगे क्योंकि इस तोरण द्वार से सिसला
धाम की दूरी महज 15 से 16 किलोमीटर की है।
नगर पालिका अध्यक्ष सुरभि गर्ग ने बताया कि बाबा श्याम की कृपा से इसी साल में फरवरी माह में तोरण द्वार का निर्माण कार्य शुरू करवाया था। इसका निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जल्द ही शहर ही नहीं, बल्कि जिलेभर के भक्तों को यह तोरण द्वार समर्पित किया जाएगा।