संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आईटीआई में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों का इंतजार समाप्त हो गया। इसी सप्ताह प्रवेश के लिए पोर्टल खुलेगा और विद्यार्थी सात जून से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के शेड्यूल अनुसार विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन 7 जून से लेकर 21 जून तक कर सकेंगे।
गौरतलब है कि जिले में नौ राजकीय और 9 प्राइवेट आईटीआई चलाए जा रहे हैं। इन आईटीआई में करीब 5000 विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष दाखिला दिया जाता है। हालांकि पिछले कई सालों से आईटीआई में दाखिले को लेकर पूरा मारामारी रही है, लेकिन हाल ही में सरकार की ओर से जारी की गई अग्निपथ योजना में आईटीआई डिप्लोमा धारक विद्यार्थियों को बोनस के पांच अंक दिए जाने के चलते इस बार आईटीआई में दाखिले के लिए ज्यादा पसीना बहाना होगा और मेरिट अधिक ऊंची जा सकती है।
आईटीआई में दाखिला बनेगा विकल्प ः इस बार 12वीं में पास आउट की संख्या अधिक और कॉलेजों में सीटों की संख्या कम होने के कारण विद्यार्थियों का रुझान आईटीआई की ओर भी रहने का अनुमान जताया जा रहा है। आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो जिले में कुल 19 आईटीआई हैं। इनमें 9 राजकीय और 10 प्राइवेट आईटीआई शामिल हैं। सभी में मिलाकर दाखिला की सीट करीब 6000 बताई जा रही हैं।
कैथल के आईटीआई में 1200 सीटों पर होंगे दाखिले
यदि राजकीय आईटीआई कैथल की बात की जाए तो कैथल में 1200 तथा महिला आईटीआई कैथल में करीब 300 सीटें बताई जा रही हैं। राजकीय आईटीआई कैथल में जहां 28 कोर्स चलाए जा रहे हैं, वहीं महिला आईटीआई में 8 कोर्स चलाए जा रहे हैं। कोर्सों करने वाले विद्यार्थियों को आधुनिक मशीनों पर प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि वे प्रशिक्षण उपरांत किसी भी सरकारी व गैर सरकारी संस्थान में आसानी से नौकरी हासिल कर सकें।
कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने दाखिला शेडयूल जारी कर दिया है। आईटीआई में हेल्प डेस्क स्थापित कर दिए गए हैं। इच्छुक विद्यार्थी सात जून से लेकर 21 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।-सतीश मच्छाल, आईटीआई के जिला नोडल अधिकारी एवं राजकीय आईटीआई कैथल के प्रधानाचार्य।
चलाए जा रहे कोर्स
n
प्लंबर, फिटर, टर्नर, इलेक्ट्रिशियन, वायरमैन, वेल्डर, कारपेंटर, कोपा, डीएमसी, डीएमएम, पेंटर जनरल, इलेक्ट्रोनिक मैकेनिक, कंप्यूटर हार्डवेयर एंड नेटवर्क मेंटीनेंस, इंस्टरूमैंट मैकेनिक, मैकेनिक आरएसी, मोटर मैकेनिक, ट्रैक्टर मैकेनिक, मल्टीमीडिया ऐनीमेशन, सॉयल टेस्टिंग एंड क्राप टैक्नीशियन, मशीनीस्ट, मशीनीस्ट ग्राइंडर, टूल एंड डाई, टैक्नीशियन पावर इलेक्ट्रोनिक सिस्टम, स्टैनो हिंदी, स्टैनो अंग्रेजी, सीविंग टैक्नोलाजी, ड्रेस मेकिंग।
कैथल के महिला आईटीआई में चलाए जा रहे कोर्स-
n
कोपा, स्टैनो अंग्रेजी, ड्रेस मेकिंग, बेसिक कोस्टमैटोलाजी, फैशन टैक्नोलोजी, इलेक्ट्रोनिक मैकेनिक, डीएमसी, डीटीपी।
दाखिले के लिए ये दस्तावेज होंगे आवश्यक
n
दसवीं या 12वीं का प्रमाण पत्र
n
आधार कार्ड, फेमिली आइडी, ई-मेल आइडी, मोबाइल नंबर, बैंक खाता नंबर, जाति प्रमाण पत्र, रिहायशी प्रमाण पत्र, नवीनतम रंगीन फोटो।
ये हैं जिले की राजकीय आईटीआई सीटों की अनुमानित संख्या
n
राजकीय आईटीआई कैथल 1200, राजकीय आईटीआई महिला कैथल 300 राजकीय आईटीआई पूंडरी 500, राजकीय आईटीआई महिला पूंडरी 200, राजकीय आईटीआई कलायत 700, राजकीय आईटीआई राजौंद 500, राजकीय आईटीआई गुहना 150, राजकीय आईटीआई गुहला एट चीका 400 राजकीय आईटीआई पबनावा 500।
यहां चलाए जा रहे हैं प्राइवेट आईटीआई
n
जाट प्राइवेट आईटीआई कैथल, रामा प्राइवेट आईटीआई कुतुबपुर, युवराज प्राइवेट आईटीआई बाता, आदर्श प्राइवेट आईटीआई बुढाखेडा, कैथल प्राइवेट आईटीआई मागोमाजरी, ढांड प्राइवेट आईटीआई ढांड, श्रीराम प्राइवेट आईटीआई राजौंद, बीपीार प्राइवेट आईटीआई पाडला, डॉ. भीमराव अंबेडकर प्राइवेट आईटीआई पूंडरी।