संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। खेड़ी गुलाम अली से सीवन जाने वाली सड़क लंबे समय से बदहाल हालत में है। करीब तीन किलोमीटर लंबा यह मार्ग पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुका है, जिससे रोजाना इस रास्ते से गुजरने वाले दो हजार से अधिक लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लोक निर्माण विभाग के अधीन होने के बावजूद सड़क मरम्मत का काम अब तक शुरू नहीं हो पाया है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी विभाग ने कोई कदम नहीं उठाया, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बने हुए हैं। दोपहिया और चार पहिया वाहन चालक आए दिन गिरते-फिसलते हैं। रात के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती है, क्योंकि मार्ग पर स्ट्रीट लाइट नहीं है। अंधेरे में गड्ढे नजर नहीं आते, जिससे अचानक वाहन असंतुलित होकर दुर्घटनाएँ होती रहती हैं।
लोगों ने बताया कि यह सड़क कैथल और आसपास के कई गांवों को जोड़ती है। ग्रामीण रोजमर्रा के कामों, बाजार, स्कूल-कॉलेज, मंडियों और अस्पतालों तक इसी मार्ग से आते-जाते हैं। सड़क की खराब हालत से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कई बार मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में भी दिक्कत आती है, जिससे गंभीर हालात बन जाते हैं।
अंधेरे में बढ़ता खतरा
बाइक सवार सुनील ने कहा कि सड़क पर लाइट न होने से लोगों की जान जोखिम में रहती है। अंधेरा इतना होता है कि गड्ढे दिखते ही नहीं। कई बाइक सवार गड्ढों में गिरकर घायल हो चुके हैं। महिलाओं और बच्चों के लिए यह रास्ता और भी खतरनाक साबित हो रहा है। उन्होंने मांग की कि विभाग तुरंत लाइट लगाने और सड़क मरम्मत का काम शुरू करे।
वर्षों से लंबित मांग
गांव के निवासी सखदेव ने बताया कि सड़क के निर्माण और मरम्मत की मांग वर्षों से लंबित है। कई बार विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। बारिश में तो यह सड़क चलने लायक भी नहीं रहती।
खेडी गुलाम अली से गांव सीवन जाने वाली सड़क की हालत
खेडी गुलाम अली से गांव सीवन जाने वाली सड़क की हालत