संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला नागरिक अस्पताल में सफाई व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस सर्टिफिकेट (एनक्वास) योजना के तहत कायाकल्प टीम सर्वेक्षण के लिए शुक्रवार को कैथल पहुंचेगी।
स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय के आदेशों के तहत जिला नागरिक अस्पताल में टीम के सदस्य स्वास्थ्य सेवाएं को परखेंगे। इसमें तीन सदस्य शामिल रहेंगे। टीम के निरीक्षण को देखते हुए वीरवार को अस्पताल परिसर में प्रबंधन पूरा दिन तैयारियों में जुटा रहा। यह टीम हिसार जिले से पहुंचेंगी।
गौरतलब है कि कायाकल्प की टीम की ओर से प्रति तीन साल में एक बार अस्पताल में निरीक्षण किया जाता है। इस टीम में डॉ. अनामिका बिश्नोई, डॉ. जयप्रकाश, डॉ. प्रोमिल गर्ग मेडिकल ऑफिसर पीएचसी शामिल होंगे। इस टीम के दौरे को लेकर जिला नागरिक अस्पताल में प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन मांडले ने बताया कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों को मिलने वाली अन्य सुविधाओं को जांचने के लिए शुक्रवार को कायाकल्प टीम आएगी। कहा कि कायाकल्प टीम तीन साल में एक बार पूरे प्रदेश में अस्पतालों का निरीक्षण करती है। पहले भी टीम ने दौरा किया था तो
अस्पताल में सभी व्यवस्थाएं ठीक पाई गई थी। इसके बाद अस्पताल को बजट भी जारी हुआ था। इस बार भी सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त है। अस्पताल में निर्माण कार्य चला हुआ है, जो मार्च 2025 तक पूरा होने का अनुमान है।
ये की जाएगी जांच ः टीम में शामिल डॉक्टरों की ओर से अस्पताल में कर्मचारियों के हाजिरी रजिस्टर, लेखा शाखा और अन्य प्रकार के रिकार्ड को भी जांचा जाएगा। इस रिकॉर्ड को सही करके रखा जाए। निरीक्षण को लेकर अस्पताल प्रशासन द्वारा लैब, टीकाकरण की स्थिति, इलाज करने की सुविधाएं, एंबुलेंस व्यवस्था, स्टोर रूम, दवाइयों की उपलब्धता, सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के आदेश दिए जाते हैं।