जिला नागरिक अस्पताल में चिकित्सक से मिलने के लिए बारी का इंतजार करते लोग।
कैथल। जिले में बढ़ती गर्मी का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर साफ नजर आने लगा है। तेज धूप और लू के चलते लोग बीमार पड़ रहे हैं और बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल में पहुंच रहे हैं। हालात यह हैं कि अस्पताल में पर्ची बनवाने, दवाई लेने और डॉक्टर को दिखाने के लिए मरीजों को लंबी-लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। अस्पताल परिसर में सुबह से ही मरीजों की भीड़ उमड़ने लगती है। सबसे पहले पर्ची काउंटर पर लंबी लाइन लगती है, उसके बाद डॉक्टर के पास जाने और फिर दवाई काउंटर पर भी मरीजों को इंतजार करना पड़ता है। इस पूरी प्रक्रिया में कई मरीजों को दो से तीन घंटे तक का समय लग जाता है।
खासतौर पर बुजुर्गों के लिए यह स्थिति काफी कठिन साबित हो रही है। तेज गर्मी में लंबे समय तक खड़े रहना उनके लिए परेशानी का कारण बन रहा है। कई बुजुर्ग मरीजों को लाइन में खड़े-खड़े चक्कर आने की शिकायत भी हो रही है। मरीजों ने अस्पताल प्रशासन से काउंटरों की संख्या बढ़ाने की मांग की है जिससे भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और लोगों को राहत मिल सके।