संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। बुधवार को सुबह से आसमान साफ रहा और दिन भर तेज धूप खिली, लेकिन इसके बावजूद लोगों को ठंड से पूरी राहत नहीं मिल सकी। पहाड़ों की ओर से आ रही करीब 11 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार वाली ठंडी हवाओं ने धूप की तपिश को कम कर दिया, जिससे दिन भर हल्की सिहरन बनी रही।
शहर का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य के आसपास है। वहीं न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में धूप तेज होने के बावजूद पछुआ हवाओं के प्रभाव से ठिठुरन का अहसास बना रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों तक हवा की गति इसी प्रकार बनी रह सकती है, जिससे सुबह और शाम के समय सर्दी का असर जारी रहेगा।
हवाओं के चलने से वायुमंडल में मौजूद प्रदूषक तत्वों में भी कमी आई है। बुधवार को शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 118 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी से थोड़ा ऊपर है, लेकिन पिछले दिनों की तुलना में बेहतर स्थिति दर्शाता है।
बाजारों में बढ़ी रौनक ः खिली धूप का असर शहर की चहल-पहल पर भी देखने को मिला। मुख्य बाजारों और पार्कों में लोगों की अच्छी-खासी भीड़ रही। मौसम में बदलाव के साथ लोगों के पहनावे में भी परिवर्तन नजर आया। जैकेट की जगह अब हाफ स्वेटर और कार्डिगन दिखाई देने लगी हैं। धूप निकलने से बाजारों में ग्राहकों की संख्या बढ़ी, जिससे व्यापारियों के चेहरे खिले नजर आए। रेहड़ी-पटरी और खान-पान के स्टालों पर लोगों की भीड़ देखी गई।
अगले 48 घंटों तक आसमान साफ रहने की संभावना है। हालांकि, हिमालयी क्षेत्रों में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के संकेत हैं, जिसका असर मैदानी इलाकों के तापमान पर पड़ सकता है। फिलहाल तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। -डॉ. रमेश चंद्र वर्मा, मौसम विशेषज्ञ