संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत कलायत नगर पालिका के वार्ड-2 में करीब तीन सप्ताह पहले बनाई गई गली अब बैठनी शुरू हो गई है। गली के निवासियों ने निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाया है। ब्रह्मपाल राणा, सतबीर मूर्ति आदि का कहना है कि पेवर ब्लॉक लगाने में रेत और मिट्टी मिलाकर सीमेंट की जगह प्रयोग किया गया और बिना रोड़ा डाले रेत पर ही पेवर ब्लॉक बिछा दिए गए थे।
लोगों का आरोप है कि इसी वजह से एक दिन की बारिश में ही गली कई स्थानों पर धंस गई। बिरमपाल राणा, देव, लख्मी राम और मूर्ति देवी ने बताया कि उन्होंने कई बार निर्माण के दौरान गली का लेवल न उठाने व नियमों के अनुसार कार्य करवाने की मांग की, लेकिन किसी ने सुनवाई नहीं की।
उनके अनुसार, बिना आवश्यकता के गली को ढाई फीट तक ऊंचा उठा दिया गया, जिससे कई मकान नीचे हो गए और बरसात का पानी घरों में घुसने की स्थिति बन गई। बिरमपाल राणा ने बताया कि इस मामले में उन्होंने 14 अक्तूबर को नगरपालिका सचिव, 15 अक्तूबर को एसडीएम व उपायुक्त को शिकायत दी थी। इस बीच निर्माण एजेंसी ने गली का लेवल 2 से 3 फीट तक उठा दिया, जिसके कारण मकान नीचे हो गए और बारिश का पानी उनके घरों में घुसने की नौबत आ गई।
बिरमपाल राणा ने बताया कि 16 अक्तूबर को उन्होंने सीएम विंडो पर भी शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन जांच उनके या नामित सदस्य की उपस्थिति में नहीं हुई। मूर्ति देवी का कहना है कि उनके मकान दो फीट से अधिक नीचे हो गए। मकान कच्चे हैं बरसात के पानी की निकासी न होने के कारण वे लोग मुसीबत में आ सकते हैं।
हमें नहीं दी जानकारी ः सीएम विंडो नामित सदस्य मेनपाल राणा ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में ही नहीं लाया गया। न तो शिकायत उनके सामने पेश की गई और न ही उन्होंने किसी निवारण रिपोर्ट पर हस्ताक्षर किए हैं।
यदि निर्माण में मानदंडों का पालन नहीं हुआ है तो जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। निर्माण एजेंसी तीन साल तक गली की जिम्मेदारी उठाती है। यह भी जांचा जाएगा कि निर्माण मद की राशि का सही उपयोग हुआ या नहीं। यदि अनियमितता बरती गई है तो निर्माण एजेंसी को उसको ठीक भी करना होगा। -पवन शर्मा, सचिव नगरपालिका