संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। फरल गांव में सुखबीर राणा के घर से सोमपाल राणा व वाल्मीकि बस्ती तक जाने वाली लगभग 250 मीटर की गली पिछले कई वर्षों से बदहाल है। वैसे तो गांव फरल की कई गली व सड़कों पर पानी जमा रहता है, लेकिन सबसे बुरा हाल पानी की टंकी वाली गली का है।
ग्रामीणों प्रीतम, मामू राम, राजकुमार, अजय राणा, कुलदीप सिंह, लाड़ी, गुरमहेंद्र सिंह, सुखा, टीटा व तरसेम का कहना है कि गांव की सभी गलियां बन चुकी हैं, लेकिन हर बार इस गली को छोड़ दिया जाता है। यह गली बहुत नीची भी पड़ चुकी है। इसके चलते गांव का पानी इस गली में आ जाने से लोगों के घरों तक में नालियों का गंदा पानी घुस जाता है।
एक दिन बारिश होने के बाद सप्ताह भर इस गली में पानी जमा रहता है, जिससे पैदल आने-जाने वालों को तो दिक्कतें होती ही हैं, उसके साथ गंभीर बीमारी फैलने का अंदेशा भी बना हुआ है। मोहल्ला वासियों का कहना है कि एक दिन बारिश के बाद उनके छोटे बच्चे कई दिनों तक स्कूल में नहीं जा पाते। ग्रामीणों का कहना है कि उनके घरों में कई बार जहरीले सांप व दूसरे कीट आ जाते हैं। उन्होंने बताया कि एक तो यह गली बहुत नीची है।
दूसरा साथ लगते जोहड़ के ओवरफ्लो होने के कारण पानी गली में ही जमा रहता है। उन्होंने बताया कि जब तक गली बनती है। तब तक जोहड़ में लगे वाटर रिचार्ज बोर को खुलवा दिया जाए ताकि पानी आगे जा सके। ग्रामीणों की जिला प्रशासन से मांग है कि उनको इस गंभीर समस्या से छुटकारा दिलाया जाए। सरपंच प्रतिनिधि साहब सिंह राणा ने बताया कि यह समस्या उनके संज्ञान में आई है। जल्द ही इस समस्या का समाधान होगा।