किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानते भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के प्रदेश उपाध्यक्ष महावीर
- फोटो : 1
राजौंद। भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के प्रदेश उपाध्यक्ष महावीर चहल ने मंगलवार को राजौंद अनाज मंडी का दौरा कर धान लेकर पहुंचे किसानों से बातचीत की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने मंडी में किसानों की ओर से धान की खरीद, उठान, बारदाने और फसल बिक्री में आ रही दिक्कतों पर किसानों से विस्तार से चर्चा की। किसानों ने बताया कि मंडी में धान की आवक लगातार बढ़ रही है लेकिन खरीद प्रक्रिया सुचारु नहीं होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई किसान अपनी फसल लेकर कई दिनों से मंडी में इंतजार कर रहे हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ फसल की सुरक्षा के लिए भी चिंता बनी हुई है। महावीर चहल ने कहा कि किसानों को मंडी में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। संबंधित खरीद एजेंसियों को समय पर खरीद करने और खरीदी गई फसल का शीघ्र उठान सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि मंडी में जगह की समस्या न बने और किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े। उन्होंने कहा कि किसान की फसल समय पर बिकना और उसका भुगतान समय पर होना बेहद जरूरी है।
किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानते भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के प्रदेश उपाध्यक्ष महावीर - फोटो : 1