संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के प्रमुख और सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल भगत सिंह चौक, रेलवे गेट, माता गेट, चंदाना गेट और कबूतर चौक की ओर जाने वाली सड़कें खस्ताहाल में हैं। टूटी सड़कों के कारण आए दिन वाहन चालकों, राहगीरों और दुकानदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हरीश,अमित का कहना है कि सड़कों पर बने गहरे गड्ढों से दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा बना रहता है। सड़क के बीच बने डिवाइडर भी टूट गए हैं । जिससे यातायात व्यवस्था अव्यवस्थित हो जाती है। रात के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है क्योंकि कई हिस्सों में स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे अंधेरे में गड्ढे नजर नहीं आते और हादसों की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। दुकानदारों का कहना है कि जिससे उनके व्यापार पर भी असर पड़ रहा है। बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाता है और सड़क दिखाई नहीं देती।
कई बार वाहन खराब हो जाते हैं और जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग और नगर परिषद को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इन सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इन प्रमुख मार्गों के गड्ढों को भरकर मरम्मत करवाई जाए।