जींद रोड की सड़क पर बना बड़ा गड्ढा। संवाद
कैथल। बस अड्डे से लेकर तितरम मोड तक सड़क खस्ताहाल हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे गंभीर बात यह है कि इसी मार्ग के पास जिला नागरिक अस्पताल स्थित है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों मरीज और उनके परिजन आते-जाते हैं।
खराब सड़क के कारण मरीजों के लिए इस रास्ते से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं रह गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत लंबे समय से खराब बनी हुई है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बनने से आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। बरसात या पानी भरने की स्थिति में ये गड्ढे दिखाई नहीं देते जिससे हादसों की आशंका और बढ़ जाती है। लोगों का कहना है कि इस समस्या के लिए संबंधित विभाग और प्रशासन को कई बार शिकायतें दी जा चुकी हैं लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय निवासी राजेश कुमार ने बताया कि यह सड़क शहर के प्रमुख मार्गों में से एक है और यहां से हर दिन हजारों लोगों का आना-जाना रहता है। जिला नागरिक अस्पताल नजदीक होने के कारण एंबुलेंस और मरीजों की आवाजाही भी लगातार बनी रहती है लेकिन सड़क की खस्ता हालत के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
- राहगीर अजय ने बताया कि कई बार दोपहिया वाहन चालक गड्ढों में संतुलन खो देते हैं। खासकर बुजुर्ग और मरीजों को आने-जाने में अधिक परेशानी होती है। कई बार वाहन चालक अचानक ब्रेक लगाते हैं जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
- अस्पताल आने वाले मरीज विवेक ने बताया कि मरीज को लेकर अस्पताल पहुंचना ही मुश्किल हो जाता है। एंबुलेंस और अन्य वाहन जब गड्ढों से गुजरते हैं तो मरीजों को दिक्कत होती है।
पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन सुरेंद्र ने बताया कि जल्द सड़क का निर्माण करवाया जाएगा। लोगों को परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
जींद रोड की सड़क पर बना बड़ा गड्ढा। संवाद