संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल/सीवन। जिले के पंडालों में गणपति महोत्सव की धूम है। सीवन के शांति मोहल्ले में भी भगवान गणपति महोत्सव आयोजित किया जा रहा है।
रविवार देर शाम महोत्सव में संगीतमय संकीर्तन का आयोजन किया। दूसरे दिन हुए इस आयोजन में श्री सनातन धर्म मंदिर की ओर से आचार्य महेश शर्मा ने भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया। महेश शर्मा के भजन नी मैं नचना मोहन दे नाल व धीरज गंभीर के भजन मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे राम आयेंगे ने उपस्थित श्रद्धालुओं को नाचने पर मजबूर कर दिया।
राहुल कक्कड़ व पवन मुटरेजा ने बताया कि सोमवार की भजन संध्या में रिंकी मुख्तांश पीहू भगवान गणपति जी का गुणगान करेंगे। इस अवसर पर सोनू मुंजाल, अभिषेक मेहता, रोशन, उषा, नीरू व अन्य उपस्थित रहे।
भजन संध्या में गायकों ने बांधा समा
सीवन। नगर के स्वर्गद्वार धर्मशाला में आयोजित श्री गणपति महोत्सव में दूसरे दिन भजन संध्या का आयोजन किया। इस भजन संध्या में गायक डा. विकास मल्होत्रा ने अपने भजनों से समा बांध दिया और उपस्थित श्रद्धालुओं को विभोर कर दिया। दूसरे दिन के आयोजन में बतौर यजमान प्रवेश चुटानी, अनीता नरेश मुंजाल, जोनी चुघ, रमेश वर्मा, किरणपाल बंसल, सुभाष भट्ट व संजीव भट्ट ने शिरकत की। समिति के सदस्य कालू, मयंक, दीपक ने बताया कि गणपति महोत्सव में भक्तों की संख्या बढ़ती जा रही है।
रोज गायक कलाकार कार्यक्रम में पहुंच रहे हैं और भगवान गणपति जी का गुणगान कर रहे हैं। यह कार्यक्रम 16 सितंबर तक चलेगा और 17 सितंबर को भगवान गणपति जी की प्रतिमा का विसर्जन होगा। इस अवसर पर सिद्दार्थ, विक्की, विक्रांत, कुनाल, माधव, राधे व अन्य उपस्थित रहे।