संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की गणित की परीक्षा जिले में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा देकर बाहर निकले विद्यार्थियों ने पेपर को लेकर मिश्रित प्रतिक्रिया दी। अधिकांश छात्रों का कहना था कि प्रश्नपत्र पाठ्यक्रम के अनुसार ही आया था और जो पढ़ाया गया था, उसी में से प्रश्न पूछे गए। हालांकि, कई विद्यार्थियों ने यह भी बताया कि पेपर थोड़ा लंबा था, जिसके कारण सभी प्रश्नों को हल करने में समय अधिक लगा।
इस परीक्षा के लिए जिले भर में कुल 64 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ परीक्षा दी। कुल 1873 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 1849 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया जबकि 24 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। कुछ अन्य विद्यार्थियों ने भी बताया कि प्रश्नपत्र का स्तर मध्यम था, लेकिन समय प्रबंधन चुनौतीपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि जिन छात्रों ने नियमित अभ्यास किया था, उनके लिए पेपर अपेक्षाकृत आसान रहा।
विद्यार्थियों से बातचीत
पेपर आसान था और लगभग सभी सवाल सिलेबस से ही थे, लेकिन पेपर काफी लंबा था। फिर भी उन्होंने कहा कि पूरा पेपर करने की कोशिश की है और उन्हें उम्मीद है कि 80 प्रतिशत अंक आएंगे। -शिवानी
गणित का पेपर देखकर शुरुआत में थोड़ा तनाव हुआ, लेकिन सवाल समझ में आने लगे तो आत्मविश्वास बढ़ गया। समय कम पड़ने की वजह से आखिरी के कुछ सवाल जल्दी-जल्दी करने पड़े, लेकिन फिर भी पेपर अच्छा गया। -जानवी
जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष और नकल रहित बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। केंद्रों पर उड़नदस्ते भी सक्रिय रहे और पूरे समय निगरानी रखी गई। परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन की ओर से पुख्ता प्रबंध किए गए थे, जिससे परीक्षा बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सकी।