कैथल। गांव चंदलाना के पास बाइक सवार दो आरोपी एक किसान से एक लाख रुपये व पर्स छीनकर भाग गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। गांव संगरौली निवासी ईश्वर सिंह ने ढांड थाना में शिकायत दी कि सात अगस्त को वह ढांड स्थित बैंक से एक लाख रुपये निकलवाकर आढ़ती को देने के लिए वापस गांव संगरौली जा रहा था। जब वह गांव चंदलाना के पास पहुंचा तो वहां बाइक सवार दो आरोपी उसके मोटरसाइकिल के साथ अपना वाहन चलाने लगे। बाद में आरोपी उसके रुपये व पर्स छीनकर ले गए, जिसमें जरूरी दस्तावेज थे। अनुसंधान अधिकारी सुभाष ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। संवाद