फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: पारा 31 डिग्री के पार, सताने लगी गर्मी

Wed, 04 Mar 2026 12:36 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

कैथल। मार्च शुरू होते ही मौसम ने करवट बदल ली है। पिछले दिनों तक हल्की ठंडक का अहसास कराने वाली हवाएं अब थम गई हैं और उनकी जगह तेज धूप ने ले ली है। शहर का अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में आए इस उछाल ने लोगों को समय से पहले ही गर्मी का एहसास करा दिया है।

दिन के समय सूरज की किरणें अब चुभने लगी हैं। सुबह 11 बजे के बाद धूप तेज हो जाती है और दोपहर 12 से 3 बजे के बीच गर्मी का असर सबसे अधिक महसूस किया जा रहा है। सड़कों पर निकलने वाले राहगीरों को पसीना आ रहा है और बाजारों में भी दोपहर के समय चहल-पहल अपेक्षाकृत कम दिखाई दे रही है। गर्मी की दस्तक के साथ ही घरों में पंखे और कूलर की सफाई का काम शुरू हो गया है। कई परिवारों ने अपने कूलर बाहर निकाल लिए हैं, तो कहीं पंखों की धूल झाड़ी जा रही है।
विज्ञापन


अलमारी में कैद हुए गर्म कपड़े : मौसम के बदलाव का असर लोगों की जीवनशैली और पहनावे पर भी साफ नजर आ रहा है। कुछ दिन पहले तक जैकेट, स्वेटर और ऊनी वस्त्रों में दिखने वाले लोग अब हल्के और सूती कपड़ों में नजर आने लगे हैं। घरों की अलमारियों में रजाई और कंबल समेट दिए गए हैं और उनकी जगह पतली चादरों ने ले ली है। ऊनी कपड़ों को संभालकर अगले साल के लिए रख दिया गया है। खानपान की आदतों में भी बदलाव दिख रहा है। चाय और कॉफी की जगह अब लोग ठंडे पेय पदार्थ, गन्ने का रस और लस्सी को प्राथमिकता दे रहे हैं।
विज्ञापन


आगामी दिनों में और बढ़ेगी तपिश

मौसम विभाग के विशेषज्ञ डॉ. रमेश चंद्र के अनुसार आने वाले एक सप्ताह में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि होने की संभावना है। आसमान साफ रहने के कारण धूप की तपिश और तेज होगी। हालांकि सुबह और रात के समय हल्की ठंडक अभी बनी हुई है, लेकिन दिन के बढ़ते पारे से गर्मी का असर और बढ़ना तय है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें