संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। फसलों की खरीद पर मिलने वाले कमीशन को कम किए जाने के विरोध में मंगलवार को सहकारी समिति चीका के कर्मचारियों ने हैफेड प्रबंधन के खिलाफ समिति कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर धरना दिया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व समिति कर्मचारी गुरबक्स सिंह ने किया।
प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने समिति के मैनेजर राजेंद्र कुमार के माध्यम से हैफेड के जिला प्रबंधक को ज्ञापन भी सौंपा। कर्मचारियों का कहना है कि हैफेड प्रबंधन ने समितियों को धान और गेहूं की खरीद पर मिलने वाला कमीशन 0.25 प्रतिशत से घटाकर 1.33 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया है।
कर्मचारियों ने बताया कि कमीशन में यह कटौती समिति के सामने आर्थिक संकट खड़ा कर देगी और कर्मचारियों को वेतन मिलने में भी कठिनाई होगी। उन्होंने कहा कि हैफेड प्रबंधन ने समिति को मिलने वाले कमीशन में कटौती करके न केवल कर्मचारियों के हितों के खिलाफ कदम उठाया है, बल्कि उनकी मेहनत और कार्य का मूल्यांकन भी कम कर दिया है।कर्मचारियों ने मांग की है कि पुराने कमीशन को बहाल किया जाए, खाद पर मिलने वाले कमीशन की दर 40 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत की जाए, और आंगनबाड़ियों के लिए ट्रांसपोर्टेशन चार्ज 70 रुपए से बढ़ाकर 150 रुपए प्रति क्विंटल किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन मांगों को पूरा नहीं किया गया तो कर्मचारी चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करने को मजबूर होंगे और इसकी पूरी जिम्मेदारी हैफेड प्रबंधन की होगी।
इस अवसर पर बलजीत सिंह, शिव कुमार, सतबीर सिंह, दीपक कुमार, गुरप्रीत सिंह, हरजीत सिंह और राकेश कुमार भी मौजूद रहे।