बिना गुणवत्ता के ही ईंट से बनाई जा रही मेनहोल की दीवार।
- फोटो : Aarchive
पाई। पाई के निकटवर्ती गांव भाणा में गंदे पानी की निकासी के लिए बनाए जा रहे मैनहोल के निर्माण के लिए विवाद खड़ा हो गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खड़े पानी में बिना सीमेंट और मसाले के केवल ईंटें रखकर मैनहोल की दीवार बनाई जा रही थी। निर्माण कार्य में कथित अनियमितता देखकर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया।
ग्रामीणों सुनील कुमार, सुरेंद्र ने बताया कि गांव के मुख्य मार्ग के पास जमा गंदे पानी की निकासी के लिए ड्रेन तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। इस परियोजना के तहत जगह-जगह मैनहोल भी बनाए जा रहे हैं। आरोप है कि एक मैनहोल की दीवार बनाते समय मजदूरों ने सीमेंट, रेत या अन्य निर्माण सामग्री का प्रयोग किए बिना सीधे ईंटें लगाकर दीवार खड़ी करनी शुरू कर दी। निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है जिससे सरकारी धन का दुरुपयोग हो सकता है। उन्होंने मौके पर ही इसका विरोध जताते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में जल निकासी की यह व्यवस्था क्षेत्र के विधायक सतपाल जांबा के प्रयासों से शुरू हुई थी। उनका कहना है कि विधायक को स्वयं मामले की जांच करवानी चाहिए कि क्या खड़े पानी में और बिना मसाले के मैनहोल की मजबूत दीवार बनाई जा सकती है।
ग्रामीणों ने जब इस संबंध में गांव के सरपंच से संपर्क करने का प्रयास किया तो पता चला कि वह किसी कार्य से गांव से बाहर गए हुए हैं। फिलहाल ग्रामीणों ने निर्माण कार्य बंद करवा दिया है और विधायक से मामले की जांच कर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
बिना गुणवत्ता के ही ईंट से बनाई जा रही मेनहोल की दीवार।- फोटो : Aarchive