संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। कलायत उप मंडल मुख्यालय भवन का मुख्य द्वार पिछले कई माह से बंद है। चंडीगढ़-हिसार राष्ट्रीय मार्ग बाइपास पर इस द्वार के बंद रहने की वजह सर्विस रोड निर्माण का इंतजार है।
इन परिस्थितियों में नेशनल हाईवे नरवाना-कैथल मार्ग पर सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों के आवासीय क्वार्टरों में प्रवेश के लिए बनाए गए द्वार से हर किसी का उप मंडल मुख्यालय भवन में प्रवेश हो रहा है। नतीजा, प्रशासनिक खंड परिसर मेंं दिनभर वाहनों की आवाजाही से अव्यवस्था रहती है।
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में धुंध एवं कोहरे को देखते हुए उप मंडल मुख्यालय भवन मुख्य द्वार को सर्विस रोड न होने के कारण बंद किया गया था। उस दौरान यह तर्क दिया गया था कि सर्विस रोड न होने से सडक़ हादसे हो सकते हैं। जल्द सर्विस रोड निर्माण का आश्वासन दिया गया था। कई बार प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एनएचएआई, लोक निर्माण और अन्य विभागों की कई बैठकें एवं दौरे हो चुके हैं लेकिन बावजूद इसके सर्विस रोड का कार्य शुरू नहीं हो पाया।
ऐसे मेंं भवन के मुख्य द्वार का कोई लाभ नहीं मिल पा रहा। हालात इस कदर खराब है मुख्य द्वार से कुछ दूरी पर ही भवन की दीवार के पास लंबे समय से गंदा पानी जमा है। इससे अधिकारियों के आवासीय क्वार्टरों व प्रशासनिक खंड भवन की नींव कमजोर पड़ रही है। इसके साथ ही प्रशासन द्वारा स्वच्छता एवं गंदे पानी की निकासी को लेकर चलाए जा रहे अभियानों की हवा निकल रही है।
नाराज लोग एक ही सवाल पूछ रहे हैं कि जब उप मंडल कार्यालय भवन पर इस प्रकार की सुविधाएं हैं तो अधीनस्थ कार्यालयों की व्यवस्था कैसे मजबूत हो पाएगी। कलायत एसडीएम अजय हुड्डा के अनुसार हाईवे बाईपास पर सड़क सुरक्षा के मद्देनजर सर्विस रोड का निर्माण होना है। मुख्य द्वार को अस्थायी तौर से बंद किया गया है। सर्विस रोड निर्माण होने से मुख्य द्वार का लाभ हर किसी को मिलेगा।