संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला नागरिक अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट के नियुक्त होने के बाद अब सोमवार को अल्ट्रासाउंड मशीन खोली गई। अब एक फरवरी से यहां पर अल्टासाउंड शुरू हो जाएंगे। सोमवार को मशीन के खुलने के बाद रेडियोलॉजिस्ट नियुक्त डॉ. मनप्रीत कौर ने इसकी जांच की। उन्होंने बताया कि करीब एक साल बाद एक फरवरी से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की निशुल्क सुविधा शुरू हो जाएगी। इससे यहां पर आने वाले मरीजों को राहत मिल पाएगी।
गौरतलब है कि करीब एक साल पहले ही यहां पर नियुक्त रेडियोलॉजिस्ट ने निजी कारणों के चलते अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इस कारण आम मरीजों को अल्ट्रासाउंड की निशुल्क सुविधा नहीं मिल पा रही थी। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की सरकारी योजनाओं के तहत गर्भवती महिलाओं को निजी अल्ट्रासाउंड केंद्रों में अल्ट्रासाउंड की निशुल्क सुविधा मुहैया करवाई जाती थी।
कक्ष में रखी मशीन, स्टाफ नियुक्ति के बाद करेंगे शुरू
रेडियोलॉजिस्ट के नियुक्त होने के बाद अस्पताल में गायिनी वार्ड के बाहर बने कक्ष में अल्ट्रासाउंड मशीन को भी रख दिया गया है। अब इस मशीन के लग जाने के बाद अस्पताल प्रबंधन की ओर से जल्द ही स्टाफ की नियुक्ति कर दी जाएगी। इसके बाद ही यहां पर यह सुविधा शुरू कर दी जाएगी।
प्रतिदिन होते थे करीब 100 मरीजों के अल्ट्रासाउंड : गौरतलब है कि जिला नागरिक अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट के होने के चलते सामान्य अस्पताल में आने वाले करीब 100 मरीजों के अल्ट्रासाउंड होते थे। यह संख्या 80 से 100 बीच रहती थी। परंतु पिछले करीब एक साल से यह सेवा बंद होने के बाद सामान्य अस्पताल में पहुंच रहे मरीजों को अपनी अधिक जेब ढीली करनी पड़ती थी और अधिक रुपये खर्च करके निजी अल्ट्रासाउंड केंद्र में जाकर अल्ट्रासाउंड करवाना पड़ता था।
पिछले करीब एक साल पहले ही जिला नागरिक अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट ने अपनी नौकरी छोड़ दी परंतु अब फिर से रेडियोलॉजिस्ट नियुक्त हुई है। इसके तहत अब अल्ट्रासाउंड मशीन को कक्ष में स्थापित कर दिया है।
अगले तीन से चार दिन के अंदर एक या दो फरवरी को फिर से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की निशुल्क सुविधा शुरू कर दी जाएगी। डॉ. सचिन मांडले, जिला नागरिक अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी