संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कैथल रेलवे स्टेशन पर अब एक बार फिर यात्रियों की चहल-पहल बढ़ने लगी है। सांसद नवीन जिंदल के प्रयासों से हिसार और चंडीगढ़ के बीच नई मेमू ट्रेन शुरू होने के बाद अब स्टेशन पर ट्रेनों की आवृत्ति में वृद्धि देखी जा रही है।
गुरुवार सुबह स्टेशन पर एक साथ दो ट्रेनों का आगमन हुआ — एक हिसार-चंडीगढ़ मेमू और दूसरी कुरुक्षेत्र-दिल्ली डेमू ट्रेन। यह दृश्य वर्षों बाद देखने को मिला, जब केवल 30-30 मिनट के अंतराल पर लगातार ट्रेनें स्टेशन पर पहुंच रही हैं।
हिसार-चंडीगढ़ मेमू ट्रेन के थोड़ा विलंब से चलने के कारण दोनों ट्रेनों का स्टेशन पर आमना-सामना हुआ, जिससे यात्रियों में उत्साह देखा गया।
महिलाओं के लिए शुरू हुई बस सेवा से छात्राओं को राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सीवन से कैथल डिपो से शुरू महिला विशेष बस सेवा से अब छात्राओं को बड़ी राहत मिल रही है। यह सेवा प्रतिदिन सुबह के समय सीवन से कैथल के लिए संचालित की जा रही है। वर्षों से बंद पड़ी यह बस सेवा हाल ही में फिर से शुरू की गई है, जिससे कॉलेज और स्कूल जाने वाली छात्राओं को अब भीड़-भाड़ वाली बसों में सफर नहीं करना पड़ रहा।
इससे पहले, छात्राओं को सामान्य बसों में अधिक भीड़ के कारण देर से पहुंचने या खड़े होकर सफर करने जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब इस महिला विशेष बस सेवा से सीवन और आसपास के गांवों की छात्राओं को सीधा लाभ मिल रहा है।
बस स्टैंड ड्यूटी निरीक्षक शमशेर सिंह ने बताया कि कुछ समय पहले छात्राओं ने यह मांग की थी, जिसके बाद विभाग ने लगभग एक माह पहले यह सेवा पुनः शुरू कर दी है। यह बस सेवा
सरकार के निर्देशों के तहत केवल महिला यात्रियों, विशेषकर छात्राओं के लिए निर्धारित है।