पाडला बाईपास पर एक मकान से चोर आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए। परिवार के सदस्य सोते रहे और उन्हें चोरों के घुसने की भनक तक नहीं लगी। चोरी की वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। सिटी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दीहै।
पुलिसको दी शिकायत में सन्नी ने बताया कि वे तीन भाई हैं। सभी एक ही मकान में रहते हैं। सोमवार रात करीब 11 बजे परिवार के सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। फोटोग्राफी का काम करने वाला उसका भाई चिंटू रात करीब करीब दो बजे घर आया। उसने देखा कि घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था। उसने परिवार के अन्य सदस्यों को उठाया। अलमारियों का सामान भी बिखरा हुआ था, अलमारी से आभूषण व किरयाने की दुकान से सात हजार रुपये की नकदी एवं सामान भी गायब था।
घटना की सूचना तुरंत डायल 112 को दी गई। इस पर डायल 112 के पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने चोरी की सूचना सिटी पुलिस को दी। सुबह सिटी थाना पुलिस की टीम एवं फिंगर प्रिंट की टीम जांच के लिए पहुंची। सन्नी ने बताया कि घर के अंदर सीसीटीवी लगे हैं। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि चोर रात 12 बजकर 55 मिनट पर घर में घुसे थे और एक बजकर 22 मिनट पर चोरी को अंजाम देकर चले गए। चोर छत के रास्ते से अंदर घुसे थे।
सन्नी के मुताबिक चोर घर से सोने की तीन अंगुठी, कानों की बाली और करीब 6500 रुपये ले गए। मकान के आगे बनी दुकान के गल्ले से करीब सात हजार रुपये व करीब 10 डिब्बी सिगरेट चोरी हुई है। सिटी एसएचओ महेंद्र सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने कब्जे में लिया है। फुटेज की मदद से चोरों का सुराग लगाया जा रहा है।