तितरम मोड पर दोपहर में पसरा सन्नाटा। संवाद
कैथल। जिले में भीषण गर्मी लगातार बढ़ रही है। बुधवार को इस वर्ष अब तक का सबसे अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। मौसम विशेषज्ञ डाॅ. रमेश चंद्र ने बताया कि दिन के समय 21 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं गर्म हवाओं (लू) ने तपिश को और बढ़ा दिया।
स्थिति यह रही कि दोपहर के समय दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। चेहरे और हाथ-पैरों को लोग पूरी तरह से ढके होने के बाद भी असहज नजर आए। बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठान भी दोपहर में खाली दिखाई दिए। स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र ने इस मौसम में लू (हीट स्ट्रोक) और डिहाइड्रेशन से बचने के लिए लगातार पानी, नींबू पानी, छाछ और ओआरएस का घोल पीने की सलाह दी है। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। बाहर निकलने पर सूती कपड़े पहनने और सिर को ढककर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
तितरम मोड पर दोपहर में पसरा सन्नाटा। संवाद