गुहला। शनिवार को सांसद नवीन जिंदल की पहल पर नवीन जिंदल फाउंडेशन की ओर से गांव भागल में 23 वें नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में भागल व आसपास के गांवों के 1220 लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें नि:शुल्क दवाइयां वितरित की। शिविर के दौरान नेत्र परीक्षण एवं उपचार, दंत परीक्षण एवं उपचार, स्त्री रोग जांच एवं परामर्श, स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग, सामान्य स्वास्थ्य जांच तथा एनीमिया जांच जैसी सेवाएं अनुभवी चिकित्सकों द्वारा उपलब्ध कराई गईं। शिविर के दौरान नेत्र परीक्षण के पश्चात जरूरतमंद 648 मरीजों को चश्मे भी प्रदान किए गए। जांच में 70 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई है, उनके नि:शुल्क ऑपरेशन की प्रक्रिया शीघ्र सुनिश्चित की जाएगी। कार्यालय प्रभारी रविंद्र धीमान ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल द्वारा स्वस्थ कुरुक्षेत्र अभियान के संकल्प को पूरा करने के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ साथ अन्य जनकल्याणकारी पहलों के माध्यम से कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में चिकित्सा सेवाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। शिविर में सरपंच सुदेश शर्मा, देवेन्द्र वर्मा, जोगा सिंह मंडल अध्यक्ष भागल, राजू वाल्मीकि, रामेश्वर दास, वीरेन्द्र सिंह, नसीब कक्हेडी, जयभगवान शर्मा बोपुर , हलका इंचार्ज कर्मबीर सिसोदिया सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। संवाद