कैथल। कस्बा सीवन में एक मकान से चोर लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी कर ले गए। जिस समय चोरी हुई, उस समय परिवार के सदस्य कस्बा में ही कीर्तन में गए हुए थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सीवन निवासी सुधीर शर्मा ने पुलिस को शिकायत दी कि उसका मकान धौला दरवाजा के पास में स्थित है। 14-15 अगस्त को वह अपने परिवार के सदस्यों सहित कीर्तन में गया था। रात को करीब दो बजे वे कीर्तन से वापस आए तो देखा कि घर के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने उनके घर में छत से प्रवेश करके घर का सामान चोरी कर लिया। चोरी हुए सामान में करीब 25 ग्राम सोने के जेवर, पांच जोड़ी चांदी की पाजेब, एक लाख 50 हजार रुपये, बेटी के जन्मदिन के उपहार व लिफाफे, मंदिर का गल्ला जिसमें करीब 10 हजार रुपये थे, ये सभी सामान शामिल है। उसे करीब दो लाख 67 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
जांच अधिकारी सुभाष चंद्र ने बताया कि पुलिस ने चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
ट्यूबवेल तार चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार
कैथल। पाडला गांव के खेतों से 16 अगस्त की रात को ट्यूबवेल की तार चोरी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी अमरगढ़ गामड़ी कैथल हाल शक्ति नगर निवासी राज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पाडला निवासी गौरव की शिकायत के अनुसार 16 अगस्त को रात के समय उसके खेत से 25 फीट केबल, उसके खेत के पड़ोसी सोनू व प्रवीण के खेत से भी 25/25 फीट तार कटा हुआ मिला था। इसलिए उन्होंने अपने तौर पर निगरानी के लिए खेतों में पहरा लगाया हुआ है। 17 अगस्त की रात वह व उसके साथ दो अन्य सुबह के समय खेतों की निगरानी में सड़क पर बैठे थे। वहां पर एक व्यक्ति को शक के आधार पर पकड़ा तो उसके कब्जे से कट्टे में तारों को जलाकर निकाला हुआ तांबा मिला। पूछताछ में नाम राज बताया।
पुलिस ने आरोपी राज को काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। आरोपी राज का दो दिन पुलिस रिमांड हासिल किया है। संवाद